सतपुली झील पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलेगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतपुली (पौड़ी), 30 मई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि नयार नदी पर निर्माणाधीन सतपुली झील परियोजना पूरे क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली महत्वाकांक्षी योजना साबित होगी। इससे पर्यटन, रोजगार, सिंचाई, पेयजल और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक लाभ मिलेगा।

शनिवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अवसर पर राजकीय कन्या विद्यालय परिसर, सतपुली में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि 56 करोड़ 34 लाख 97 हजार रुपये की लागत से निर्माणाधीन सतपुली झील का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। झील के निर्माण से सतपुली एक नए पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित होगा तथा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि झील परियोजना से भू-जल स्तर में सुधार होगा, सिंचाई एवं पेयजल की उपलब्धता बढ़ेगी तथा पर्यटन आधारित रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही नयार नदी के जल के बेहतर प्रबंधन से बरसात के दौरान बाढ़ जैसी आपदाओं की आशंका भी कम होगी। झील में बोटिंग, कयाकिंग और एंगलिंग जैसी गतिविधियां शुरू कर स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की योजना है।
महाराज ने कहा कि चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं। गुमखाल से सतपुली तक लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रगति पर है। 47 करोड़ 70 लाख रुपये की गुजरखण्ड पम्पिंग पेयजल योजना एवं सतपुली नगरीय पम्पिंग योजना से 40 से अधिक गांवों और पूरे नगर क्षेत्र को पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि 22.39 करोड़ रुपये की लागत से चार मोटर मार्ग स्वीकृत किए गए हैं, जबकि 12.58 करोड़ रुपये से 26 किलोमीटर लंबाई के आठ मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण किया गया है। पर्यटन आवास गृह, कार पार्किंग और रैन बसेरे के लिए 8.10 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा निरीक्षण भवन एवं डॉर्मेटरी निर्माण के लिए 2.47 करोड़ रुपये तथा नगर पंचायत कार्यालय भवन के लिए 1.61 करोड़ रुपये की लागत से कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
कार्यक्रम के दौरान जन सुनवाई के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में चार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। शिकायत काउंटर पर 42 शिकायतें एवं 91 मांग पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, विद्युत एवं जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। संस्कृति विभाग एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा गढ़वाली लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।इस अवसर पर पूर्व मंत्री अमृता रावत, सतपुली नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणवीर सजवाण, ब्लॉक प्रमुख द्वारीखाल बीना राणा, जिला पंचायत सदस्य पूनम नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें