लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। एकता विहार धरना स्थल पर बेरोजगार मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ के बैनर तले लैब तकनीशियनों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी धरनास्थल पर डटे हुए हैं और सरकार से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

संघ पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने सरकार के समक्ष कई मांगें रखी हैं। इनमें आईपीएचएस मानकों के अनुसार लैब तकनीशियन पदों का सृजन, सेवा नियमावली का गठन तथा भर्ती को वर्षवार मेरिट के आधार पर कराने की मांग शामिल है। इसके अलावा पिछले 26 वर्षों से नियमित भर्ती न होने के कारण आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को एकमुश्त आयु सीमा में छूट देने की भी मांग की गई है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकारी लैबों के निजीकरण की प्रक्रिया को रोकने की भी मांग उठाई है। उनका कहना है कि निजीकरण से बेरोजगारी बढ़ रही है और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।संघ के महासचिव मयंक राणा ने कहा कि प्रदेश के डिग्रीधारी लैब तकनीशियन लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सभी अभ्यर्थी अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत रहेंगे और मांगें पूरी होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। धरनास्थल पर आशीष खाली, रणवीर बिष्ट, लोकेंद्र भट्ट, राहुल देव, विकास अवस्थी, अमित जोशी, अनूप पयाल, संजय जोशी सहित कई अभ्यर्थी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें