
चम्पावत, 21 मई।
जनपद चम्पावत के बनबसा क्षेत्र में बाग़ात फसल बहार और व्यावसायिक मत्स्य आखेट अधिकारों की संयुक्त सार्वजनिक नीलामी आगामी 3 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। यह नीलामी सहायक अभियंता कार्यालय, बनबसा में जिला प्रशासन की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न होगी।
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा आयोजित इस नीलामी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमबद्ध ढंग से संपन्न कराने के निर्देश जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने दिए हैं। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे से बाग़ात फसल बहार की नीलामी शुरू होगी। इसमें 10 एकड़ क्षेत्रफल वाले स्कूल प्लाट बाग में स्थित 193 आम और 1 अमरूद के पेड़ों के साथ ही 5 एकड़ क्षेत्रफल वाले हमीद बाग में स्थित 32 आम, 17 लीची और 8 कटहल के पेड़ों की नीलामी की जाएगी।
इसके बाद दोपहर 1 बजे से शारदा बैराज और सिल्ट इजेक्टर क्षेत्र में व्यावसायिक मत्स्य आखेट अधिकारों के लिए खुली बोली लगाई जाएगी। सभी ठेकों को नामित पर्यवेक्षक दल और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में अंतिम स्वीकृति दी जाएगी।
नीलामी में भाग लेने के इच्छुक ठेकेदारों को निर्धारित समय से पहले अपना वैध पहचान पत्र, ₹10 का स्टैम्प पेपर तथा अधिशासी अभियंता, हेड वर्क्स खंड, शारदा नहर, बरेली के नाम निर्धारित अग्रिम धरोहर राशि (एफडीआर) जमा करनी होगी।
धरोहर राशि के तहत स्कूल प्लाट बाग के लिए ₹20,000, हमीद बाग के लिए ₹1,500, शारदा बैराज मत्स्य ठेका के लिए ₹25,000 और सिल्ट इजेक्टर मत्स्य ठेका के लिए ₹1,000 तय किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नीलामी की सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी की जाएं और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए।







