
देहरादून, 20 मई। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। संस्थान की इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईसीटी अकादमी (ई एंड आईसीटी अकादमी) ने स्काईस्किल अकादमी के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है।
इस पहल के तहत उद्योग-उन्मुख उन्नत एवं लघु अवधि के प्रमाणन पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य तेजी से विकसित हो रहे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर के लिए व्यावहारिक कौशल विकसित करना है। सफल प्रतिभागियों को ई एंड आईसीटी अकादमी, आईआईटी रुड़की द्वारा प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
इन पाठ्यक्रमों में ईवी आर्किटेक्चर, बैटरी प्रौद्योगिकी एवं बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक मोटर्स, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, डायग्नोस्टिक्स, सुरक्षा प्रणाली और ऊर्जा अनुकूलन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल किए गए हैं। कार्यक्रम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें शैक्षणिक गुणवत्ता और व्यावहारिक प्रशिक्षण का संतुलन बना रहे।यह प्रशिक्षण इंजीनियरिंग स्नातकों, डिप्लोमा धारकों और ईवी क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल करने के इच्छुक कार्यरत पेशेवरों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगा। कार्यक्रम के तहत लाइव ऑनलाइन कक्षाएं, लैब आधारित प्रैक्टिकल, असाइनमेंट और वास्तविक ईवी केस स्टडी पर आधारित कैपस्टोन प्रोजेक्ट शामिल होंगे।
ई एंड आईसीटी अकादमी के मुख्य अन्वेषक प्रोफेसर संजीव मनहास ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के तेजी से विस्तार के लिए तकनीकी रूप से दक्ष और व्यावहारिक अनुभव वाले कार्यबल की आवश्यकता है। यह साझेदारी उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच समन्वय को मजबूत करेगी।वहीं, स्काईस्किल अकादमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिमांशु शेखर पांडा ने कहा कि यह पहल युवाओं को उभरते ईवी सेक्टर में करियर के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें उद्योग के अनुरूप कौशल प्रदान करेगी।







