
देहरादून, 18 मई 2026। उत्तराखंड के समग्र विकास के विजन को लेकर आयोजित एक विशेष मंथन कार्यक्रम में सरकार की प्राथमिकताओं, संस्कृति संरक्षण और समाज निर्माण के मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। इस दौरान आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि “यह दशक उत्तराखंड का होगा” और सरकार राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ तेजी से काम कर रही है।
निजी होटल में मासिक पत्रिका ‘उत्तरजन टुडे’ के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह एवं मंथन ‘उत्तराखंड का दशकः चुनौतियां और संभावनाएं’ विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में स्वास्थ्य, संचार और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सरकार का उद्देश्य विकास की किरणों को सीमांत गांवों तक पहुंचाना है, जिससे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का जीवन स्तर बेहतर हो सके।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने समाज में गिरते जीवन मूल्यों पर चिंता व्यक्त करते हुए बच्चों को नैतिक संस्कार देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंचतंत्र की कहानियां बच्चों को सुनाने की परंपरा को फिर से जीवित करना होगा। साथ ही उन्होंने स्थानीय बोली-भाषाओं के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए समाज से आगे आने का आह्वान किया।
इस मौके पर टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बुनियादी सुविधाओं में तेजी से सुधार हुआ है और ‘जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों से आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर तक पहुंच रहा है।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि जल्द ही रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज शुरू होने से प्रदेश में चिकित्सा सुविधाएं और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में उत्तरजन की एक्सीक्यूटिव एडिटर रंजना रावत ने महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और कौशल विकास पर जोर दिया, जबकि संपादक पीसी थपलियाल ने पत्रिका की 10 वर्षों की यात्रा और भविष्य की योजनाएं साझा कीं।
इस अवसर पर 1962 एशियन गेम्स में बॉक्सिंग में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाले अर्जुन अवार्डी आनरेरी कैप्टन पदम बहादुर मल्ल और प्रख्यात आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. जयंत नवानी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 20 विभूतियों को ‘उत्तराखंड गौरव’ पुरस्कार से नवाजा गया, जबकि 35 अन्य लोगों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व आईजी सत्यशरण कोठियाल, पूर्व सूचना आयुक्त जेपी ममगाई, कर्नल यदुवीर रावत, कर्नल उमेश रावत, कर्नल राकेश कुकरेती, शिक्षाविद कमला पंत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।समारोह में संस्कृति विभाग की टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी घुल गया। कुल मिलाकर यह आयोजन विकास, संस्कृति और समाज निर्माण के समन्वय का एक प्रभावी मंच बनकर सामने आया।







