बरेली, 18 मई 2026। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की जा रही है। रेलवे बोर्ड के निर्देश और मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में सोमवार को अभियान के चौथे दिन विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर बायोडिग्रेडेबल कैरी बैग वितरित किए गए और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के अंतर्गत लालकुआँ, काठगोदाम, हल्द्वानी, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, बरेली सिटी, कासगंज, फर्रुखाबाद, फतेहगढ़, कन्नौज और पीलीभीत रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और आमजन को पर्यावरण अनुकूल बैग वितरित किए गए।
रेलवे स्टेशनों और स्वास्थ्य इकाइयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई और इसके उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। कर्मचारियों ने “सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करें” और “मिशन लाइफ” के संदेश के साथ पुनः उपयोग योग्य बैग और बोतलों के इस्तेमाल तथा स्वच्छ और सतत जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। रेलवे प्रशासन का कहना है कि विश्व पर्यावरण दिवस-2026 अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सतत जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सके।







