उत्तराखंड में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 18 मई 2026। उत्तराखंड में पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की चिंता की आवश्यकता नहीं है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों इंडियन आयल कारपोरेशन लिमिटेड,भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड ने सोमवार को स्पष्ट किया कि प्रदेश में सभी पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सामान्य और निर्बाध बनी हुई है।
कंपनियों के अनुसार, राज्य में ईंधन आपूर्ति की पूरी श्रृंखला—टर्मिनलों और डिपो से लेकर पेट्रोल पंपों तक—सुचारु रूप से संचालित हो रही है। सभी स्थानों पर ईंधन स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर पुनःपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि राज्यभर में रसोई गैस की उपलब्धता भी पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं तक निर्बाध वितरण सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।तेल कंपनियों ने आपसी समन्वय के जरिए लॉजिस्टिक्स, स्टॉक मूवमेंट और रिटेल संचालन को प्रभावी बनाए रखा है, जिससे प्रदेश में कहीं भी ईंधन आपूर्ति प्रभावित नहीं हो रही है।आईओसीएल उत्तराखंड के राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीद या भंडारण (पैनिक बाइंग) से बचें। उन्होंने कहा कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर कोई संकट नहीं है और नागरिक केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।

Leave a Comment

और पढ़ें