
चम्पावत 12 मई। गोल्ज्यू मेले में “नशा हटाओ-जीवन बचाओ” हस्ताक्षर अभियान चलाकर व्यापारियों और लोगों को धूम्रपान एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान आकर्षक स्लोगनों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
अभियान के संयोजक जीआईसी सिप्टी के संस्कृत प्रवक्ता सामश्रवा आर्य तथा मोहित जोशी ने मेले में पहुंचे व्यापारियों को अभियान से जोड़ते हुए उनसे संकल्प पत्र भी भरवाए।अभियान के दौरान “बीड़ी-सिगरेट बहुत बेकार, बिगड़े इससे बना व्यापार”, “बीड़ी से दूरी, दुकानदारी जरूरी” और “नशे की मार बहुत बेकार, उजड़े इससे घर-परिवार” जैसे स्लोगनों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
शिक्षक सामश्रवा आर्य ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि वे मेले के वातावरण को धूम्रपान मुक्त बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि दुकानदारी के दौरान विशेष रूप से धूम्रपान से बचें, ताकि ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यापार पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़े।अभियान में पश्चिम बंगाल से आए व्यापारी सुसांतो दास, राजस्थान से अभिषेक बार्माणयन, कानपुर से गुल्लू शाह, विनय गुप्ता, विशाल और रिंकू सिंह सहित मुरादाबाद से आए शुभम आर्य, पप्पू, अख्तर, असलम, सईद और सलीम समेत कई व्यापारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने नशामुक्त वातावरण बनाने और इस मुहिम को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।अभियान में भास्कर जोशी, गिरीश पोखरिया, कैलाश चन्द्र और भुवन जोशी सहित दूर-दराज क्षेत्रों से आए अनेक व्यापारियों ने भी सक्रिय सहयोग किया।






