
देहरादून। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सक्षम समाज से समर्थ राष्ट्र निर्माण का अनंत आंदोलन है। हमारा लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि समाज का विश्वास जीतना भी होना चाहिए।राजधानी देहरादून के पटेल नगर में आयोजित भाजपा महानगर प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए उन्होंने बदलती परिस्थितियों में मीडिया समन्वय की भूमिका पर कार्यकर्ताओं से विस्तार से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित है, लेकिन इसकी वास्तविक शक्ति समाज के बीच संगठन की निरंतर सक्रिय भूमिका में निहित है।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा चुनावी राजनीति में सीमित थी, तब भी उसके कार्यकर्ता समाज में जागरूकता और समन्वय का कार्य कर रहे थे। आज प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष और कुछ नकारात्मक सोच वाले लोग जनता के बीच भ्रम और अविश्वास फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सकारात्मक माहौल बनाना जरूरी है। इसके लिए प्रभावी संवाद और मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सत्य, सकारात्मकता और संगठनात्मक अनुशासन के साथ मीडिया और सोशल मीडिया का उपयोग करें, ताकि राष्ट्रहित की आवाज हर व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि आज का युग विचार और सूचना की शक्ति का युग है। सोशल मीडिया के दौर में प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन का संवाद दूत बन चुका है। फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब जैसे मंचों ने संवाद की क्षमता को कई गुना बढ़ाया है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी उतनी ही बढ़ गई है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि एक गलत सूचना समाज में भ्रम फैला सकती है और असंयमित भाषा संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए डिजिटल अनुशासन का पालन प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कार्यकर्ता की भाषा ही संगठन की पहचान बनती है।
उन्होंने कहा कि मीडिया प्रबंधन का उद्देश्य केवल प्रतिक्रिया की राजनीति करना नहीं, बल्कि सकारात्मक राजनीति का संदेश देना होना चाहिए। मीडिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और उसके साथ स्वस्थ एवं विश्वासपूर्ण संबंध बनाए रखना आवश्यक है।
कार्यकर्ताओं से उन्होंने अपील की कि अफवाहों के दौर में सत्य और संयम को सबसे बड़ी शक्ति मानते हुए जनता के बीच संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित विचार परिवार है और मीडिया उस विचार को समाज तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।








