
चंपावत 10 मई ।उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकोस्ट) के तत्वावधान में महिला प्रौद्योगिकी केंद्र, चंपावत में महिला उद्यमियों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार को संपन्न हो गया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को मडुवे के बिस्कुट, सोयाबीन उत्पाद, धूपबत्ती और साबुन निर्माण सहित स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी ने की। इस दौरान यूकोस्ट के प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रोफेसर दुर्गेश पंत के निर्देशन में चंपावत में महिला प्रौद्योगिकी केंद्र की स्थापना की गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाना है।
विम्मी जोशी ने कहा कि महिला प्रौद्योगिकी केंद्र महिलाओं के कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने महिलाओं से स्थानीय संसाधनों पर आधारित उत्पाद विकसित कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में अरुण प्रकाश के नेतृत्व में डॉल्फिन संस्थान की टीम ने प्रतिभागियों को उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।कार्यक्रम में यूकोस्ट के संतोष कुमार, अरुण पांडेय समेत जनपद के विभिन्न गांवों से पहुंची महिला उद्यमियों ने प्रतिभाग कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।








