
रुद्रप्रयाग, 08 मई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया। “देवभूमि के शिखर पर स्वास्थ्य का नया अध्याय” की भावना से शुरू किए गए इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा और इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ लाखों श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत अब तक प्रदेश में लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार मिल रहा है। साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का भी प्रतीक है।
कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी, दिनेश चंद्र, बदरी-केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, विजय कप्रवान, पं. राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







