
देहरादून, 03 मई 2026।
समाजसेवा के उद्देश्य से ब्रह्मकमल शक्ति संस्था द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। देहरादून के शिव मंदिर, परीमहल स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष एडवोकेट अभिनव थापर और मंदिर की मुख्य सेविका मीरा बाई द्वारा उपस्थित चिकित्सकों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुआ। इस अवसर पर संयोजक अभिनव थापर ने कहा कि संस्था का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजन निरंतर किए जाएंगे। उन्होंने सहयोग के लिए CMI अस्पताल, देहरादून का आभार व्यक्त किया।
शिविर में डॉ. अंशिका जैन (MD मेडिसिन), डॉ. निमिषा गुप्ता कला (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) और डॉ. विवेक कुमार तिवारी (दंत चिकित्सक) ने अपनी सेवाएं देते हुए मरीजों को आवश्यक परामर्श प्रदान किया। इस दौरान बीपी, वजन, बीएमआई, शुगर (RBS), सांस की जांच, दांतों की जांच और स्त्री रोग संबंधी जांच जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही मरीजों को मुफ्त दवाएं भी वितरित की गईं।
भारी बारिश के बावजूद क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग शिविर में पहुंचे। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा, जिनमें अमिता आहूजा, अवधेश कुमार, पिया थापा, मंजू त्रिपाठी, शुभम सैनी, आलोक मेहता, स्वाति नेगी, शैलेश सिंह, प्रवीण मोगा, संजना, आदिल सहित अन्य का सहयोग उल्लेखनीय रहा।








