जनसुनवाई में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री धामी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 03 मई 2026।
पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि विवाद समेत अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने और शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को उसकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान मिले। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे जमीनी स्तर की समस्याओं की सही जानकारी मिलती है और उनके समाधान के लिए प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरल और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचे।

इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। वहीं आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याओं पर सकारात्मक आश्वासन मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment

और पढ़ें