
देहरादून, 27 अप्रैल। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में 94.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 15वीं रैंक हासिल करने वाली देहरादून के मालदेवता सरखेत निवासी मेधावी छात्रा साक्षी को सोमवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री ने साक्षी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उसे लैपटॉप देने की घोषणा भी की।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने साक्षी की इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करती हैं।उन्होंने साक्षी के पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। मंत्री ने साक्षी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर महावीर सिंह, अनुज कौशल और घनश्याम सिंह नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।







