उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 में इंटर में 85.11% और हाईस्कूल में 92.10% छात्र सफल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 25 अप्रैल 2026। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् ने आज हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परीक्षाफल घोषित कर दिया। इस वर्ष दोनों कक्षाओं के परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में खुशी की लहर है। इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 1,02,986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,00,452 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए और 85,499 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस प्रकार कुल परीक्षाफल 85.11 प्रतिशत रहा। बालिकाओं ने एक बार फिर बाजी मारते हुए 88.09 प्रतिशत सफलता हासिल की, जबकि बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 प्रतिशत रहा। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 85.93 प्रतिशत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का परिणाम 61.48 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस वर्ष 7,814 छात्र-छात्राओं ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर सम्मान सहित सफलता हासिल की। प्रथम श्रेणी में 41,507, द्वितीय श्रेणी में 34,987 तथा तृतीय श्रेणी में 330 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।

इंटरमीडिएट में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान गीतिका पंत और सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98.00 प्रतिशत अंक (490/500) प्राप्त कर हासिल किया। आर्यन 97.80 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि वंशिका ने 97.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। बागेश्वर जनपद 94.81 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।वहीं हाईस्कूल परीक्षा 2026 में कुल 1,12,266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1,08,983 परीक्षा में शामिल हुए और 1,00,373 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। हाईस्कूल का कुल परीक्षाफल 92.10 प्रतिशत रहा। यहां भी बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 96.07 प्रतिशत सफलता हासिल की, जबकि बालकों का परिणाम 88.03 प्रतिशत रहा। संस्थागत परीक्षार्थियों का परिणाम 92.47 प्रतिशत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों का परिणाम 65.05 प्रतिशत दर्ज किया गया। सम्मान सहित उत्तीर्ण होने वाले छात्रों की संख्या 7,935 रही। प्रथम श्रेणी में 30,734, द्वितीय श्रेणी में 46,708 और तृतीय श्रेणी में 14,986 परीक्षार्थी सफल हुए।
हाईस्कूल में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक (491/500) प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इशांत कोठारी और भूमिका ने 98.00 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि योगेश जोशी 97.80 प्रतिशत अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहे। बागेश्वर 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ हाईस्कूल में भी प्रदेश में अव्वल रहा।इस वर्ष दोनों परीक्षाओं के परिणाम में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इंटरमीडिएट में पिछले वर्ष की तुलना में 1.88 प्रतिशत और हाईस्कूल में 1.33 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार का संकेत माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें