
देहरादून 20 अप्रैल ।हिंदू युवा वाहिनी ने बिहार एवं पश्चिम बंगाल से करीब 30 बच्चों को कथित रूप से अवैध तरीके से उत्तराखंड लाने के मामले को गंभीर बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इन बच्चों को शिक्षा के नाम पर मदरसों में रखा जा रहा है। वाहिनी ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि यदि इस प्रकार की गतिविधियां हो रही हैं तो यह कानून व्यवस्था के लिए चिंताजनक है।
ज्ञापन में यह भी आशंका जताई गई है कि बच्चों को बहला-फुसलाकर या अन्य अनुचित माध्यमों से लाया जा सकता है, जो बाल संरक्षण और मानवाधिकारों के उल्लंघन की श्रेणी में आता है।हिंदू युवा वाहिनी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनकी पहचान स्थापित करने और उनके परिजनों से संपर्क कराने की भी मांग उठाई गई है।
संगठन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले में त्वरित और प्रभावी हस्तक्षेप कर कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपेक्षा जताई है।





