गर्मी के मौसम में यात्रियों को बड़ी राहत 18,262 समर स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाएगा भारतीय रेलवे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, 20 अप्रैल। गर्मी के मौसम में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने देशभर में बड़े स्तर पर समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। रेलवे द्वारा 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 के बीच कुल 908 समर स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी दी गई है, जो मिलकर 18,262 ट्रिप्स संचालित करेंगी।

रेलवे के अनुसार, इनमें से 660 ट्रेनों की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है, जो 11,294 ट्रिप्स के संचालन को सुनिश्चित करती हैं। इससे यात्रियों को अग्रिम बुकिंग और यात्रा योजना बनाने में काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने बताया कि यह कदम गर्मियों की छुट्टियों, त्योहारों और पीक ट्रैवल सीजन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उठाया गया है, जिससे यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिल सके ।
समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन में कुछ रेलवे जोन आगे रहे हैं। सेंट्रल रेलवे 3,082 ट्रिप्स के साथ शीर्ष पर है, जबकि ईस्ट सेंट्रल रेलवे 2,711 ट्रिप्स और नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे 2,245 ट्रिप्स के साथ प्रमुख स्थान पर हैं।इसके अलावा साउथ सेंट्रल रेलवे, वेस्टर्न रेलवे और नॉर्दर्न रेलवे सहित अन्य जोनों में भी बड़ी संख्या में स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे देशभर में संतुलित कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।
रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को कई तरह के लाभ मिलेंगे। प्रतीक्षा सूची (वेटिंग) कम होगी, अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही प्रमुख शहरों और क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक बनेगी।रेलवे का कहना है कि उच्च मांग वाले रूट्स पर विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को न्यूनतम असुविधा होगी और यात्रा अनुभव बेहतर बनेगा।
रेलवे ने स्पष्ट किया कि इस व्यापक योजना के जरिए यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि गर्मी के सीजन में भी यात्रा आसान और परेशानी मुक्त रह सके।

Leave a Comment

और पढ़ें