
देहरादून, 17 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी ने राजधानी देहरादून में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पदयात्रा, स्कूटी रैली और मानव श्रृंखला जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं और आमजन को अधिनियम के प्रति जागरूक किया गया।
परेड ग्राउंड स्थित भाजपा महानगर कार्यालय से महिला एवं युवा मोर्चा के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अधिनियम के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम लंबे समय से महिलाओं की मांग रहा है, जिसे अब केंद्र सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस कानून की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं, ताकि महिलाओं की भागीदारी को और सशक्त बनाया जा सके।
वहीं महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने इसे महिलाओं के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया की मुख्यधारा में लाने का मजबूत माध्यम बनेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को मिले अवसरों का विस्तार है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी के अनुसार, इस अभियान में बड़ी संख्या में महिला सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली और पदयात्रा के माध्यम से हजारों लोगों तक अधिनियम की जानकारी पहुंचाई गई और समर्थन जुटाया गया।कार्यक्रम में प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन के अंत में नागरिकों से अपील की गई कि वे ऐसे जनजागरण अभियानों में सक्रिय भागीदारी कर महिला सशक्तिकरण की दिशा में योगदान दें।






