कांग्रेस का भाजपा नेताओं को शामिल करने का दावा हास्यास्पद: भाजपा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 7 अप्रैल। भाजपा ने कांग्रेस द्वारा भाजपा नेताओं को पार्टी में शामिल कराने के दावे को हास्यास्पद बताते हुए इसे कांग्रेस के अंदरूनी संघर्ष से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस में चल रहे गुटीय संघर्ष को छिपाने के लिए इस तरह के दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की वास्तविक स्थिति से वह व्यक्ति भी परिचित है जिसका राजनीति से कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि डूबते जहाज में कोई सवार होना नहीं चाहता और कांग्रेस पर उसके अपने कार्यकर्ताओं का भी भरोसा नहीं रहा है।
चौहान ने कांग्रेस नेता द्वारा भाजपा नेताओं के शामिल होने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बयान कांग्रेस के भीतर मचे घमासान को रोकने में उनकी विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा और सिद्धांतों का पालन करने वाला व्यक्ति पार्टी से जुड़ा रहता है और ऐसे लोगों के अन्य दलों में जाने की बात का कोई महत्व नहीं है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़ने की मंशा रखते हैं और कुछ नेता नाराज होकर कोपभवन में हैं। ऐसे में पार्टी अध्यक्ष द्वारा बड़े भाजपा नेताओं को कांग्रेस में शामिल करने का दावा करना पूरी तरह से भ्रामक है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस में बिखराव की स्थिति बनी हुई है और कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने के लिए भ्रम का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक खुलेआम सामूहिक इस्तीफे की धमकी दे रहे हैं और कई वरिष्ठ नेताओं के बीच मतभेद भी सामने आ रहे हैं।चौहान ने दावा किया कि जनता का समर्थन भाजपा के साथ है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें