
नई दिल्ली 04 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी कुम्भ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर परियोजना के लिए लगभग ₹325 करोड़ की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और विद्युत प्रणाली के स्वचालन का कार्य किया जाएगा, जिससे तीर्थनगरी की अवसंरचना मजबूत होगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने परियोजना के द्वितीय चरण के लिए लगभग ₹425 करोड़ की अतिरिक्त धनराशि को भी मंजूरी देने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश में आगामी कुंभ की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शहरी अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार का सहयोग आवश्यक है। इससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिएआरटीएस को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा। साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का भी अनुरोध किया, जिससे इन शहरों के बीच आवागमन सुगम हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से सड़क यातायात पर निर्भरता कम होगी, जाम की समस्या घटेगी और पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। साथ ही यह पहल उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ते हुए क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों, पर्यटन और समग्र विकास को नई गति प्रदान करेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।








