
देहरादून/ऋषिकेश 28 मार्च ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र में चल रही अवैध जुआ पार्टी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में दबिश देकर मौके से बड़ी मात्रा में कैसिनो क्वाइन, ताश की गड्डियां, नकदी और शराब की बोतलें बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद होटल को सील कर दिया गया है, जबकि मामले में लापरवाही पाए जाने पर आईडीपीएल चौकी पर तैनात पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के संचालन की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके आधार पर क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश की पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग पर छापा मारा। पुलिस की दबिश के दौरान होटल में 40 लोग जुआ खेलते हुए पाए गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 3356 कैसिनो क्वाइन (टिक्की), 26 ताश की गड्डियां, 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नकद तथा विभिन्न ब्रांड की नौ शराब की बोतलें बरामद कीं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 123/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 और आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने होटल नवरंग को सील कर दिया है। घटना के बाद से होटल मालिक फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।वहीं इस पूरे प्रकरण में स्थानीय पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आने पर एसएसपी देहरादून ने सख्त कार्रवाई करते हुए आईडीपीएल चौकी पर तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।









