समाज कल्याण मंत्री ने विभागीय योजनाओं की समीक्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने शुक्रवार को विधानसभा स्थित सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। कार्यभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली विभागीय समीक्षा बैठक थी, जिसमें विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मंत्री खजान दास ने कहा कि समाज कल्याण विभाग आमजन से सीधे जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण विभाग है, जिसकी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग से जुड़ी सभी जनकल्याणकारी योजनाओं की स्पष्ट रूपरेखा तैयार कर उन्हें प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

उन्होंने विभागीय योजनाओं की क्रमवार समीक्षा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सपनों के उत्तराखंड को आगे बढ़ाने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसके लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया जाए।

समाज कल्याण मंत्री ने यह भी बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में समाज कल्याण से जुड़े सभी विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभागीय योजनाओं के बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जाएगी।

बैठक में अपर सचिव समाज कल्याण प्रकाश चन्द्र, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें