1 अप्रैल से प्री-SIR में मैपिंग का सघन अभियान, 85% कार्य पूरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 27 मार्च। प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों के तहत 1 अप्रैल से प्री-SIR चरण में मैपिंग का सघन अभियान चलाया जाएगा। जिन बूथों पर मैपिंग कम हुई है, वहां विशेष फोकस करते हुए डोर-टू-डोर अभियान तेज किया जाएगा।

यह जानकारी अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में प्रदेश में प्री-SIR चरण के तहत 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है। अप्रैल माह में विशेष अभियान चलाकर शेष बूथों पर मैपिंग का कार्य पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची भी तैयार की जा रही है, ताकि मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।

एक क्लिक पर BLO से कर सकेंगे संपर्क

डॉ. जोगदंडे ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन आयोग ने “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता एक क्लिक पर अपने बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से फोन कॉल बुक कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर या ECI-NET मोबाइल ऐप डाउनलोड कर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के बाद दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।

प्रदेश में 19 हजार से अधिक BLA नियुक्त

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के सापेक्ष अब तक विभिन्न दलों द्वारा 19,116 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।
इसमें भारतीय जनता पार्टी द्वारा 9,276, कांग्रेस द्वारा 9,506, सीपीआई (एम) द्वारा 217 और बहुजन समाज पार्टी द्वारा 117 बीएलए नियुक्त किए गए हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें