
चम्पावत, 25 मार्च। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में टनकपुर क्षेत्र को बड़ी विकास सौगात मिली है। शासन ने टनकपुर में आधुनिक मीडिया सेंटर, गेस्ट हाउस और कम्युनिटी हॉल के निर्माण के लिए कुल ₹14.24 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 351/2022 एवं 39/2023 के अंतर्गत इस परियोजना के लिए वित्तीय वर्ष 2025–26 में प्रथम किश्त के रूप में ₹1 करोड़ की धनराशि को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति देते हुए जारी किया गया है।
प्रस्तावित मीडिया सेंटर के निर्माण से क्षेत्र के पत्रकारों को आधुनिक कार्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे सूचना के आदान-प्रदान में तेजी और प्रभावशीलता आएगी। वहीं गेस्ट हाउस और कम्युनिटी हॉल के निर्माण से स्थानीय लोगों को सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, साथ ही बाहरी आगंतुकों के ठहरने की व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए हैं कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनसामान्य को इन सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।







