चम्पावत, 22 मार्च । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत जनपद चम्पावत में सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 12.15 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 143/2024 के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना में 1212.16 लाख रुपये सड़क सुधार कार्यों के लिए तथा 2.60 लाख रुपये गैर-सड़क सुधार कार्यों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
करीब 20 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही इससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और पर्यटन को भी गति मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक तकनीकी, प्रशासनिक और पर्यावरणीय औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समयसीमा के अनुसार कराया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के दौरान दोनों ओर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और आवश्यकतानुसार वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के मानकों का भी पालन सुनिश्चित किया जाए।





