पूर्णागिरी मेले में 9 दिवसीय फ्री मेडिकल कैंप शुरू, श्रद्धालुओं को मिलेंगी मुफ्त जांच, दवाइयां और चश्मे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बनबसा, 19 मार्च। पूर्णागिरी मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 9 दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का शुभारंभ गुरुवार को बनबसा में किया गया। इस शिविर का आयोजन सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।

शिविर का उद्घाटन एनएचपीसी के महाप्रबंधक ऋषि रंजन ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर फाउंडेशन के अध्यक्ष, सिंचाई विभाग के कैनाल एसडीओ प्रशांत वर्मा और मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि दीपक रजवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मेडिकल कैंप में मरीजों को ईसीजी, ब्लड टेस्ट, बीपी और शुगर जांच जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयों और चश्मों का वितरण भी किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिल रही है।

यह शिविर लगातार 9 दिनों तक संचालित होगा, जिसमें राममूर्ति मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम अपनी सेवाएं दे रही है। पहले तीन दिनों में डॉ. नीलेश, डॉ. संभव और डॉ. अभिषेक सिंह मरीजों का उपचार कर रहे हैं, जबकि डॉ. राज श्रीवास्तव समेत पूरा मेडिकल स्टाफ सक्रिय रूप से सेवाएं दे रहा है।

शिविर के संयोजक ललित सिंह कुंवर ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य सीमांत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना और मेले में आने वाले लोगों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।

इस जनसेवा कार्य में आयुष थपलियाल, नितिन कलौनी, संकेत, जतिन, आशीष, राहुल, मनोज सहित कई स्वयंसेवक सक्रिय योगदान दे रहे हैं। वहीं संस्था के सचिव सिद्धार्थ पाटनी, ट्रस्टी रंदीप पोखरिया और जीवन पंत भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उद्घाटन अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती चंद, ग्राम प्रधान गीता देवी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रतिनिधि जगदीश जोशी, दिवाकर परिहार, माधवानंद भट्ट सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें