मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्य सेवक संवाद’ में सुनीं जनसमस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत, 14 मार्च ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को टनकपुर स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित ‘मुख्य सेवक संवाद’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्र की माताओं, वरिष्ठजनों, जनप्रतिनिधियों, पूर्णागिरि मेला समिति, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों तथा अन्य नागरिकों से आत्मीय संवाद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनसमस्याओं को सीधे जनता से सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय समस्याओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र की आवश्यकताओं, सुझावों और समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों और मांगों पर गंभीरता से कार्य करते हुए उनका शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को समयबद्ध राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री ने टनकपुर अस्पताल के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह चिकित्सालय एक महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है, जहां टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार यहां स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में उपलब्ध डायलिसिस सुविधा का विस्तार करते हुए जल्द ही यहां एक और डायलिसिस मशीन स्थापित की जाएगी।

क्षेत्र के समग्र विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पूर्णागिरी मंदिर में दर्शन की बेहतर सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर का बूम क्षेत्र भविष्य में पर्यटन और वॉटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही इसे एक आकर्षक वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प टनकपुर को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सुविधायुक्त बनाना है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया और हिमेश कलखुड़िया, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें