नई दिल्ली 09 मार्च ।टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (टीकेएम) ने ‘टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर मंथ’ की शुरुआत की है। यह एक महीने तक चलने वाला ग्राहक-केंद्रित अभियान है, जिसके माध्यम से कंपनी अपनी लोकप्रिय एसयूवी टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर की सफलता का जश्न मना रही है।
कंपनी के अनुसार यह विशेष अभियान मार्च के अंत तक उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों में चलाया जाएगा। इसके तहत ग्राहकों को आकर्षक ऑफर, एक्सक्लूसिव लाभ और विशेष टेस्ट-ड्राइव अनुभव उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि लोग टोयोटा की स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड तकनीक को करीब से समझ सकें। यह अभियान एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर जैसे प्रमुख बाजारों में आयोजित किया जा रहा है।
टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर वर्ष 2022 में लॉन्च की गई थी और इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.94 लाख रुपये है। लॉन्च के बाद से इस एसयूवी को ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिला है और हाल ही में इसकी बिक्री 2 लाख यूनिट का आंकड़ा पार कर चुकी है। यह उपलब्धि देश में हाइब्रिड तकनीक के प्रति बढ़ते भरोसे को भी दर्शाती है।
कंपनी के अनुसार यह बी-एसयूवी सेगमेंट की भारत की पहली स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक एसयूवी है। इसमें 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ टोयोटा हाइब्रिड सिस्टम दिया गया है, जो ई-ड्राइव ट्रांसमिशन के साथ काम करता है। यह वाहन लगभग 40 प्रतिशत दूरी तक और 60 प्रतिशत समय इलेक्ट्रिक मोड में चल सकता है तथा 27.97 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देने में सक्षम है।
डिज़ाइन के लिहाज से हाइराइडर में क्रिस्टल ऐक्रेलिक ग्रिल, ट्विन एलईडी डीआरएल, आकर्षक बॉडी लाइन और 17 इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं। इसके केबिन में वेंटिलेटेड लेदर सीट, पैनोरमिक सनरूफ, आठ दिशा में एडजस्ट होने वाली पावर ड्राइवर सीट और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
तकनीक और कनेक्टिविटी के मामले में यह एसयूवी 9 इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो, 55 कनेक्टेड फीचर्स वाले टोयोटा आई-कनेक्ट सिस्टम, पैडल शिफ्टर्स, वायरलेस चार्जिंग और कई यूएसबी पोर्ट से लैस है।
सुरक्षा के लिए इसमें छह एयरबैग, व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल होल्ड कंट्रोल, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक, 360 डिग्री कैमरा, आईएसओफिक्स चाइल्ड सीट माउंट और सीट बेल्ट प्रीटेंशनर जैसे फीचर दिए गए हैं।
ग्राहकों को वाहन के साथ तीन वर्ष या एक लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी मिलती है, जिसे पांच वर्ष या 2.20 लाख किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है। साथ ही पांच वर्ष की रोडसाइड असिस्टेंस सुविधा और हाइब्रिड बैटरी पर आठ वर्ष या 1.60 लाख किलोमीटर की वारंटी भी दी जाती है।
कंपनी इस अभियान के दौरान ग्राहकों को एक लाख रुपये तक के लाभ, आकर्षक एक्सचेंज ऑफर और आसान वित्तीय योजनाएं भी उपलब्ध करा रही है, जिससे वाहन खरीदना और भी आसान बनाया जा सके।






