देहरादून 07 मार्च। क्लेमेंटाउन क्षेत्र में प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बाद प्रेमी और प्रेमिका ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार शनिवार कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना क्लेमेंटाउन को सूचना मिली कि ओगल भट्टा क्षेत्र में एक युवक और युवती के बीच हुए विवाद में दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में पता चला कि घायल युवक और युवती क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से युवती किसी अन्य युवक के संपर्क में थी, जिस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना में घायल दोनों को पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा, जहां फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




