हरिद्वार में अमित शाह के कार्यक्रम में जुटेंगे डेढ़ लाख लोग: मनवीर चौहान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 5 मार्च।
भाजपा ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड आगमन पर होने वाले सम्मेलन को ऐतिहासिक और भव्य बताया है। पार्टी का दावा है कि 7 मार्च को हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में लगभग डेढ़ लाख लोग शामिल होंगे।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि “जन-जन की सरकार, बेमिसाल चार वर्ष” कार्यक्रम को लेकर जनता में अभूतपूर्व उत्साह है। उन्होंने भीड़ जुटाने को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए हजार लोगों को एकत्र करना भी मुश्किल होता है, इसलिए भाजपा कार्यकर्ताओं की क्षमता को लेकर उनकी चिंता स्वाभाविक है।
चौहान ने कहा कि गृह मंत्री के हरिद्वार दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता में खास उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की पिछली सरकारों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास की रफ्तार तेज हुई है। ढांचागत विकास और संपर्क व्यवस्था के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जिसका परिणाम पर्यटकों की रिकॉर्ड संख्या और वर्षभर चलने वाली चारधाम यात्रा के रूप में दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि, किसानों और मजदूरों की जीवनचर्या में सुधार तथा मातृशक्ति सशक्तिकरण की दिशा में कई कदम उठाए गए हैं। केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से स्वास्थ्य सुविधाएं, हर घर नल से जल, गरीब परिवारों को ईंधन और अनाज उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
चौहान ने दावा किया कि राज्य में उद्योग निवेश के लिए करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव आए हैं। साथ ही खनन जैसे क्षेत्रों में सुधार कर इसे राज्य की आय का बड़ा स्रोत बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जहां पहले परीक्षाओं में नकल बड़ी समस्या थी, वहीं अब 28 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ष अपने कामकाज का विवरण जनता के सामने प्रस्तुत करती है। इसी क्रम में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत सरकार दो महीने तक न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है।
प्रदेश मीडिया प्रभारी ने बताया कि कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से भी संवाद करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि 7 मार्च को हरिद्वार में होने वाले इस कार्यक्रम में डेढ़ लाख से अधिक लोग शामिल होंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें