-
चम्पावत, 25 फरवरी 2026। प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन, संस्कृति, सिंचाई, लघु सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण एवं जलागम मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद चम्पावत के बनबसा स्थित गुदमी क्षेत्र में प्रस्तावित लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही आधुनिक लैंड पोर्ट परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना भारतीय भू-सीमा पत्तन प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही है।
निरीक्षण के उपरांत एनएचपीसी लिमिटेड बनबसा गेस्ट हाउस सभागार में मंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना की प्रगति, तकनीकी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधन एवं विभागीय समन्वय पर विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को हर हाल में अप्रैल 2027 तक पूर्ण किया जाए, ताकि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और यात्री सुविधाओं का लाभ शीघ्र प्रारंभ हो सके। उन्होंने लैंड पोर्ट को अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली, डिजिटल निगरानी तंत्र और स्मार्ट प्रबंधन व्यवस्था से सुसज्जित करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने तराई क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया। उन्होंने सभी संकेतक पट्ट तीन भाषाओं में स्थापित करने, परिसर में वर्षा जल संचयन प्रणाली को अनिवार्य रूप से शामिल करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पर्यावरणीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
सतपाल महाराज ने कहा कि यह लैंड पोर्ट भारत और नेपाल के बीच व्यापार एवं यात्री आवागमन के लिए एक समेकित, सुरक्षित और सुविधाजनक प्रणाली विकसित करेगा। परिसर में सीमा शुल्क, सुरक्षा, व्यापार एवं सीमा प्रबंधन से जुड़ी सभी प्रमुख एजेंसियां एक ही स्थान पर कार्य करेंगी, जिससे प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना सीमांत क्षेत्रों के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, सीमा पार व्यापार को सशक्त बनाएगी और स्थानीय युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी तथा लोक निर्माण, सिंचाई, भारतीय भू-सीमा पत्तन प्राधिकरण, वन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Author: Day Night Khabar
Post Views: 28






