देहरादून, 24 फरवरी 2026।
लोकभवन में 27 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले बसन्तोत्सव के मद्देनज़र देहरादून पुलिस ने विस्तृत रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं पुलिस अधीक्षक यातायात ने कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को दिलाराम चौक से दाहिने मोड़कर न्यू कैंट रोड होते हुए एनेक्सी तिराहा पर ड्रॉप किया जाएगा तथा 8th जीआर ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा। रायपुर, ईसी रोड और सुभाष रोड से आने वाले वाहनों को दिलाराम चौक से बाएं मोड़कर न्यू कैंट रोड के माध्यम से एनेक्सी तिराहा भेजा जाएगा और वहां से 8th जीआर ग्राउंड में पार्किंग दी जाएगी। पार्किंग स्थल से शटल सेवा संचालित होगी। पार्किंग फुल होने की स्थिति में वाहन आरटी ग्राउंड में पार्क कराए जाएंगे। दोपहिया वाहनों की पार्किंग भी आरटी ग्राउंड में होगी।
कैंट रोड और चकराता रोड से आने वाले वाहनों को बिंदाल और गढ़ी कैंट होते हुए वाटिका तिराहा से महिंद्रा ग्राउंड में पार्क कराया जाएगा, जहां से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के निजी वाहनों की पार्किंग आरटी ग्राउंड में निर्धारित की गई है।
सड़क किनारे पार्किंग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। इसके लिए स्टैटिक व मोबाइल ड्यूटी तैनात रहेगी और गलत पार्किंग पर क्रेन के माध्यम से कार्रवाई की जाएगी। राजभवन गेट से दिलाराम चौक तथा राजभवन गेट से वाटिका तिराहा तक यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए हॉक मोबाइल तैनात रहेगी। चिन्हित स्थानों पर पार्किंग संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे।
वैकल्पिक रूट व्यवस्था के तहत यातायात दबाव बढ़ने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को सर्वे ऑफ इंडिया गेट से न्यू कैंट रोड होते हुए भेजा जाएगा। मसूरी और कुठालगेट से आने वाले वाहनों को जोहड़ी गांव, गुच्चुपानी तिराहा और सीएसडी तिराहा के रास्ते महिंद्रा ग्राउंड पार्किंग में भेजा जाएगा।
पार्किंग व्यवस्था के लिए आरटी यूनिट ग्राउंड (400 वाहन), 8th गढ़वाल राइफल ग्राउंड (250 वाहन) और महिंद्रा ग्राउंड (600 वाहन) चिन्हित किए गए हैं। अतिरिक्त व्यवस्था के तहत गोरखा इंटर कॉलेज (बीजापुर गेस्ट हाउस के निकट) और सीएसडी कैंटीन के पास 50-50 वाहनों की पार्किंग सुविधा रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करें, डायवर्ट रूट का पालन करें, अनावश्यक हॉर्न का प्रयोग न करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। शराब पीकर वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक अपडेट के लिए आमजन देहरादून पुलिस और देहरादून ट्रैफिक पुलिस के सोशल मीडिया पेज फॉलो कर सकते हैं।
किसी भी सहायता के लिए डायल 112 तथा ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 7579278154 पर संपर्क किया जा सकता है।







