देहरादून 21 फरवरी
। प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने कार्यवाही करते हुए एक नशा तस्कर को तीन लाख रुपये कीमत की 9.51 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद भर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस ने रेलवे ट्रैक के निकट दून इंस्टीट्यूट के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 9.51 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनूप कंडियाल (27) पुत्र स्वर्गीय शूरवीर कंडियाल, निवासी गढ़ी मयचक, श्यामपुर, ऋषिकेश के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र से खरीदकर लाया था और इसे स्थानीय नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था। इससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
स्मैक पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, कांस्टेबल आकाश मीणा और कांस्टेबल अशोक शामिल थे ।
Author: Day Night Khabar
Post Views: 32







