विकासनगर में श्री खाटू श्याम धाम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 18 फरवरी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को विकासनगर, देहरादून स्थित श्री खाटू श्याम धाम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने बाबा खाटू श्याम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि बाबा खाटू श्याम आस्था के आराध्य होने के साथ ही हर टूटे हुए मन को संबल देने वाले “हारे के सहारे” हैं। जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से बाबा को स्मरण करता है, उसकी झोली कृपा से भर जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा श्याम के भजन-कीर्तन, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव और धार्मिक आयोजनों में उमड़ती श्रद्धालुओं की अपार भीड़ इस बात का प्रमाण है कि बाबा हर हृदय में विराजमान हैं। यह दिव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की कृपा से वे राज्य के मुख्य सेवक के रूप में प्रदेशवासियों की सेवा कर रहे हैं। जनता के विश्वास और स्नेह को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करना ही उनका संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए कौशल के साथ समर्पण का भाव भी आवश्यक है। यदि किसी कार्य को पूर्ण समर्पण के साथ किया जाए तो सफलता निश्चित है। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में जो कुछ भी होता है, वह ईश्वर की कृपा से ही संभव होता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प का उल्लेख किया, जिसमें बाबा केदारनाथ धाम से 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया गया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष मीता सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, कुलदीप कुमार सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें