पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार में  चौपाल में सुनी समस्याएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हरिद्वार 16 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम आर्यनगर (गाजीवाली), श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत मुख्य सेवक की चौपाल में जनता के बीच बैठकर सीधा संवाद किया। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार फाइलों में नहीं, मैदान में काम करेगी और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई होगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने हर प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी को स्पष्ट कहा कि एक भी जनसमस्या लंबित नहीं रहनी चाहिए और लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “मुख्य सेवक की चौपाल” सरकार की जवाबदेही का जीवंत प्रमाण है। उद्देश्य यह है कि आमजन को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार पहुंचे। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए हर स्तर पर जवाबदेही तय की गई है। संवेदनशीलता, पारदर्शिता और त्वरित निस्तारण प्रशासन का मूल मंत्र है। किसी की आवाज दबाई नहीं जाएगी और कोई शिकायत अनसुनी नहीं रहेगी।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं और यह कार्यक्रम सरकार व जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बन रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने, किसानों की आय बढ़ाने, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर उत्तराखंड ने सामाजिक समरसता और समानता की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।कार्यक्रम में स्वामी यतीश्वरानंद, अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें