देहरादून में 1.50 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 08 फरवरी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को वार्ड 05 धोरणखास में लगभग 1.50 करोड़ रुपये की विभिन्न जनहितकारी विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मंत्र पर कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, जल निकासी और सामुदायिक सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत सड़क निर्माण एवं मरम्मत, नाली निर्माण, सामुदायिक भवनों का निर्माण और अन्य जनोपयोगी कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं। साथ ही उन्होंने वार्ड में सीवर लाइन निर्माण और पूर्व सैनिक भवन निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम में राजेश्वर नगर जनकल्याण समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने मंत्री का स्वागत किया तथा विकास कार्यों के लिए आभार जताया।
जिन योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास हुआ, उनमें जलसंस्थान द्वारा राजेश्वर नगर फेज-1 में 90.15 लाख रुपये की लागत से नलकूप निर्माण, एमडीडीए द्वारा 30.12 लाख रुपये से सामुदायिक भवन निर्माण, विधायक निधि से मॉडर्न राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 14.60 लाख रुपये की लागत से टिन शेड एवं कक्ष निर्माण तथा मंदाकिनी विहार ब्लॉक-सी में 12.58 लाख रुपये से सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं।
इस मौके पर पार्षद अल्पना राणा, सुरेन्द्र राणा, निरंजन डोभाल, आशीष थापा, अनुज कौशल, सूर्य प्रकाश फरासी, महानगर उपाध्यक्ष ओम कक्कड़, संजय नौटियाल, भूपेन्द्र सोलंकी, अजय कार्की, सोसाइटी के अध्यक्ष, विभागीय अधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें