
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट देश और राज्यों के विकास को नई दिशा देने वाला है और सभी वर्गों के लिए अवसरों का विस्तार करता है। उन्होंने कहा कि बजट में आर्थिक विकास को गति देने, जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने और सबका साथ, सबका विकास के लक्ष्य पर विशेष जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विकासोन्मुखी एवं समावेशी बजट के लिए बधाई देते हुए कहा कि इसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं, वंचितों, छोटे उद्यमियों और पिछड़े वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है।
उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और अवसंरचना के लिए किए गए प्रावधान पूरे देश के साथ उत्तराखंड के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि बजट में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए पर्यावरण-अनुकूल माउंटेन ट्रेल्स विकसित करने की योजना शामिल है, जिससे पर्यटन और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसानों, पशुपालन, उच्च मूल्य कृषि, पर्यटन और एमएसएमई के लिए किए गए प्रावधान राज्य की ग्रामीण और पर्वतीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि बजट में पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, डिजिटल तकनीक और बायोफार्मा क्षेत्र में निवेश से राज्य और देश दोनों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार बजट में घोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण सहयोग करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट न केवल देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करेगा, बल्कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्यों को भी समान विकास के अवसर प्रदान करेगा।








