पिथौरागढ़ 26 दिसंबर
। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत जनपद पिथौरागढ़ के दोबाटा से मर्तोली तक 3.02 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के निर्माण के लिए ₹84.12 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति के साथ ही क्षेत्रवासियों की वर्षों से लंबित मांग पूरी हो गई है। सड़क निर्माण से सीमांत क्षेत्र मर्तोली सीधे सड़क मार्ग से जुड़ जाएगा।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर सीमांत क्षेत्र मर्तोली एवं आसपास के गांवों में खुशी की लहर है। स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क गांव के भविष्य को नई दिशा देगी। इससे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिलेंगे। ग्रामीणों का मानना है कि मुख्यमंत्री ने मर्तोली जैसे सीमांत गांव को मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया है।
मुख्यमंत्री की यह पहल रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने, सीमांत क्षेत्रों में विकास को गति देने और गांवों को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सड़क निर्माण से मर्तोली गांव तक आवागमन सुगम होगा, साथ ही पूरी घाटी में पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया ।





