पोखड़ा (पौड़ी) 26 दिसंबर। प्रदेश के सिंचाई, लोक निर्माण, पर्यटन, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विकासखंड पोखड़ा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज किमगड़ी के वार्षिक उत्सव में प्रतिभाग करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल को करीब 26 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज किमगड़ी में शीघ्र ही विज्ञान विषय शुरू किए जाने की भी घोषणा की।
क्षेत्र भ्रमण के दूसरे दिन शुक्रवार को मंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें दमदेवल गडरी से झलपाड़ी तक 12 से 15 किमी मोटर मार्ग के विस्तार, पुनर्निर्माण व सुधारीकरण के लिए 339.77 लाख रुपये, भरतपुर–सुंदरई मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण हेतु 177.98 लाख रुपये, दमदेवल गडरी–झलपाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण सहित कार्यों के लिए 172.31 लाख रुपये, चलकुडिया–मसमोली–सकनोली–नोखोली मोटर मार्ग के लिए 345.88 लाख रुपये, कुण्जखाल–बरसुण्डा मोटर मार्ग के नवीनीकरण (स्टेज-2) हेतु 237.21 लाख रुपये, संगलाकोटी–बोन्दरखाल मोटर मार्ग की क्षतिग्रस्त दीवारों के पुनर्निर्माण के लिए 97.06 लाख रुपये, कोलाखाल–जजेडी मोटर मार्ग के डामरीकरण हेतु 222.89 लाख रुपये सहित कुल 8 योजनाएं शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त मंत्री ने पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में विकासखंड पोखड़ा के ग्राम पंचायत वीणाधार, कमेड़ी, देवरानी, असलोट तथा विकासखंड एकेश्वर के ग्राम पंचायत डण्डा मल्ला में नवनिर्मित पंचायत भवनों का लोकार्पण किया। साथ ही पोखड़ा विकासखंड के देवराडी ग्राम मल्ली में 136.94 लाख रुपये की स्प्रिंकलर प्रणाली आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना का शिलान्यास तथा विकासखंड एकेश्वर के ग्राम पाखरी में 120 लाख रुपये की सोलर ऑनग्रिड आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना का लोकार्पण भी किया।
मंत्री ने 887.92 लाख रुपये की लागत से निर्मित दमदेवल–डाडाखिल से ग्राम कुई तक ग्रामीण मोटर मार्ग (स्टेज-1) तथा 212.35 लाख रुपये की लागत से निर्मित चौबट्टाखाल–कुई दांता मोटर मार्ग से उलखेत तोक के अनुसूचित जाति मजगांव तक ग्रामीण मोटर मार्ग का भी लोकार्पण किया। इस प्रकार चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र को लोक निर्माण विभाग की 8, पंचायतीराज विभाग की 6, लघु डाल खंड श्रीनगर की 2 तथा ग्रामीण निर्माण विभाग की 2 योजनाओं सहित कुल 18 विकास योजनाओं की करीब 26 करोड़ रुपये की सौगात दी गई।
मंत्री
ने जानकारी दी कि ग्राम विकास के अंतर्गत पाबौ, एकेश्वर, बीरोंखाल एवं पोखड़ा विकासखंडों में पीएमजीएसवाई स्टेज-4 के तहत 10,480.49 लाख रुपये की लागत से कुल 11 मोटर मार्गों को भी स्वीकृति मिल चुकी है, जिन पर शीघ्र ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बेदीखाल में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास एवं विद्यालय भवन की मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा पोखड़ा और बीरोंखाल मंडलों में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों व अन्य संगठनात्मक इकाइयों के साथ बैठक कर सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता सुयश रावत, मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र दर्शन, बीकेटीसी के पूर्व सदस्य पुष्कर जोशी, पूर्व प्रमुख सोवन सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष राजपाल सिंह, प्रभु शरण बुडाकोटी, एडीएम अनिल गर्बयाल, एसडीएम रेखा आर्य सहित लोक निर्माण विभाग, पंचायत विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





