वीर बाल दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में टेका माथा, साहिबजादों को किया नमन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 26 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, आढ़त बाजार, देहरादून में वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में माथा टेका, लंगर ग्रहण किया तथा संगत के साथ पवित्र अरदास में सम्मिलित होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी तथा उनके चारों साहिबजादों—बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि साहिबजादों का जीवन त्याग, शौर्य, धर्मरक्षा और देशभक्ति का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने भारत के स्वाभिमान और धर्म की रक्षा के लिए हँसते-हँसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारों साहिबजादों का बलिदान न केवल भारतीय इतिहास, बल्कि विश्व इतिहास में भी वीरता, साहस और दृढ़ता का अद्वितीय उदाहरण है। नन्हें वीरों ने धर्म परिवर्तन स्वीकार करने के बजाय मृत्यु को स्वीकार किया और यह सिद्ध कर दिया कि स्वधर्म और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं होती। उनका अमर बलिदान आने वाली पीढ़ियाँ कभी नहीं भूल सकतीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पहली बार वीर साहिबजादों को उनका वास्तविक सम्मान दिया है। 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित कर पूरे राष्ट्र को सिखों के गौरवशाली इतिहास से जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश अपने गौरवशाली अतीत को संजोने और वीर बलिदानियों के सपनों का भारत गढ़ने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों और शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को वीर साहिबजादों की गाथा अवश्य सुनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ अपने धर्म, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व कर सकें।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री गुरु सिंह सभा सरदार गुरबक्श सिंह राजन, जनरल सेक्रेट्री सरदार गुलजार सिंह, उपाध्यक्ष सरदार चरणजीत सिंह, भाजपा महामंत्री दीप्ति रावत, सिद्धार्थ अग्रवाल, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, दायित्वधारी पुनीत मित्तल, श्याम अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें