मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल टर्फ मैदान, 200 सोलर लाइटें और छात्रावास निर्माण की घोषणा
अल्मोड़ा 22 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और खेल प्रशिक्षकों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान जनपद अल्मोड़ा में खेल सुविधाओं के विस्तार हेतु कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जीआईसी ग्राउंड में हॉकी एवं फुटबॉल के लिए दिन एवं रात्रि उपयोग योग्य बहुउद्देशीय आर्टिफिशियल टर्फ मैदान का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 200 सोलर लाइटें स्थापित की जाएंगी। हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में 50 बिस्तरों की क्षमता वाला छात्रावास बनाया जाएगा, वहीं स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट का पुनर्निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानते हुए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। “फिट युवा फॉर विकसित भारत” की थीम पर आयोजित यह सांसद खेल महोत्सव केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का एक सशक्त अभियान है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का मंच प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा रहा है। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखंड ने देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बनाई है। राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। राज्य में अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी होने लगा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में शीघ्र ही “स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान” लागू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। हल्द्वानी में राज्य के पहले खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य चल रहा है। नई खेल नीति के अंतर्गत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदियमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना के माध्यम से युवाओं को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के समग्र विकास की चर्चा करते हुए कहा कि पर्यटन, रोजगार और कनेक्टिविटी को सशक्त बनाने के लिए कई योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत पिछले चार वर्षों में जनपद में 250 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया है। लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा–पौड़ी गढ़वाल–रुद्रप्रयाग सड़क का निर्माण तथा 922 करोड़ रुपये की लागत से अल्मोड़ा–बागेश्वर सड़क के चौड़ीकरण को मंजूरी दी गई है। उड़ान योजना के अंतर्गत अल्मोड़ा में हेली सेवाएं शुरू की गई हैं तथा फलसीमा में हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गगास नदी पर 31.27 करोड़ रुपये की लागत से जलाशय परियोजना पर कार्य प्रगति पर है। स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए शोभन सिंह जीना मेडिकल इंस्टीट्यूट में 100 एमबीबीएस सीटें बढ़ाई गई हैं और 36 आईसीयू बेड भी जोड़े गए हैं।
कार्यक्रम में सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, मेयर अजय वर्मा, विधायक मोहन सिंह मेहरा, उपाध्यक्ष महिला उद्यमिता परिषद गंगा बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें