मुख्यमंत्री धामी से मिले सल्ट विधायक महेश सिंह जीना, भेंट किए पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 10 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में सल्ट क्षेत्र के विधायक महेश सिंह जीना ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक जीना ने उन्हें उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाले पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद भेंट किए, जिनमें स्थानीय सब्जियाँ, जैविक कृषि उत्पाद और पहाड़ में निर्मित प्राकृतिक खाद्य सामग्री शामिल रही।

मुख्यमंत्री धामी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उत्पाद न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं, बल्कि ग्रामीण अंचलों में रहने वाले किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादकों की आजीविका बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि औपचारिक भेंटों में उत्तराखंड के स्थानीय, पारंपरिक और जैविक उत्पादों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि स्थानीय उत्पादन और विपणन को बढ़ावा मिले। इससे पहाड़ की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ कारीगरों, किसानों और SHG समूहों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होता है।

मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, संस्थानों तथा सामाजिक–धार्मिक संगठनों से अपील की कि वे अपने कार्यक्रमों और औपचारिक मुलाकातों में पहाड़ी दालें, मंडुवा–झंगोरा, ऑर्गेनिक मसाले, हर्बल उत्पाद, हस्तशिल्प एवं हाथकरघा वस्त्र जैसे स्थानीय उत्पादों को अपनाएँ।

उन्होंने कहा कि यह प्रयास ‘लोकल टू ग्लोबल’ मिशन को मजबूत करेगा और उत्तराखंड के उत्पादों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें