
चम्पावत, 10 दिसंबर 2025।
जनपद चम्पावत में धार्मिक पर्यटन को सुदृढ़ करने और प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को गति देने की दिशा में घटकु–हिडिम्बा मंदिर विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आज स्थल पर पहुंचकर नवनिर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा संचालित इस परियोजना को माननीय मुख्यमंत्री की घोषणा संख्या 387/2022 के तहत ₹94.40 लाख की स्वीकृति प्राप्त है।
परियोजना के अंतर्गत कुमाऊनी पारंपरिक स्थापत्य शैली पर आधारित मंदिर का भव्य नवनिर्माण, किचन सहित धर्मशाला, चार आधुनिक शौचालय, आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार, सी.ओ. मार्ग, मजबूत सुरक्षा दीवार, इंटरलॉकिंग टाइल्स, बैठने की व्यवस्थाएं और पूर्ण विद्युतीकरण जैसे कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। जिलाधिकारी ने निर्माण गुणवत्ता का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में उत्कृष्ट कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गंडक नदी के तट पर घने देवदार–पौंधी के जंगलों के बीच स्थित घटकु–हिडिम्बा मंदिर स्थानीय आस्था का अत्यंत प्राचीन केंद्र है। पारंपरिक लकड़ी की नक्काशी, तिरछी छतों और स्थानीय पत्थरों से निर्मित कुमाऊनी वास्तुकला इसकी विशिष्ट पहचान है। शांत प्राकृतिक वातावरण, पर्वतीय दृश्यों और नदी की मधुर ध्वनि के बीच स्थित यह स्थान ध्यान और आध्यात्मिक साधना के लिए भी उपयुक्त माना जाता है।
वर्तमान में चल रहा सौंदर्यीकरण कार्य इस प्राचीन धरोहर को और अधिक आकर्षक, सुरक्षित और सुविधाजनक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्य, तहसीलदार बृजमोहन आर्य तथा ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







