टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह के नेतृत्व में दो दिवसीय ‘सांसद खेल महोत्सव सम्पन्न 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 7 दिसंबर।
देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित दो दिवसीय “सांसद खेल महोत्सव” आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। टिहरी गढ़वाल लोकसभा सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों, युवाओं, कोचों और खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने सहभागी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “खेलो इंडिया–फिट इंडिया” अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता, टीमवर्क और राष्ट्रभाव को मजबूत करने वाली जीवनशैली है।

उन्होंने कहा कि खेलों से युवा पीढ़ी में नेतृत्व क्षमता, उत्कृष्टता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित होता है। यह महोत्सव इसी उद्देश्य के साथ आयोजित किया गया कि युवा स्वस्थ, सक्षम और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।
सांसद महोदया ने विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही खेल विभाग, आयोजन समिति, स्थानीय प्रशासन और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा— “टिहरी गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा अद्भुत है। आगे भी ऐसे कार्यक्रमों से खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक खजान दास ने “सांसद खेल महोत्सव” की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी में खेलों के प्रति प्रेरणा बढ़ती है और एक स्वस्थ तथा सशक्त समाज निर्माण को गति मिलती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन हेतु शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम का संचालन विनोद खंडूरी ने किया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता मेहरबान सिंह रावत, सुनीता विद्यार्थी, जिला खेल अधिकारी, समस्त कोचगण व अनेक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Comment

और पढ़ें