चम्पावत, 05 दिसंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आदर्श चम्पावत के विज़न को आगे बढ़ाते हुए टनकपुर क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा कर दिया है। पूर्णागिरि तहसील, टनकपुर में मिनी विकास भवन/बार भवन के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। करीब ₹533.79 लाख की अनुमानित लागत से इस भवन का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है, जो टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रशासनिक सेवाओं का बड़ा केंद्र बनेगा।
टनकपुर, जो जिले का प्रमुख व्यापारिक, धार्मिक, परिवहन और सीमा-गतिविधियों का हब है, अब प्रशासनिक रूप से भी और अधिक सशक्त होगा। मुख्यमंत्री धामी का उद्देश्य है कि लोगों को साधारण प्रशासनिक कार्यों के लिए बार-बार जिला मुख्यालय न जाना पड़े। मिनी विकास भवन के बनने से पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों से जुड़े नागरिकों को सभी प्रमुख सेवाएँ उनके नजदीक ही उपलब्ध हो सकेंगी। पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं, सीमांत गाँवों के निवासियों और कारोबार से जुड़े लोगों को भी इससे बड़ा लाभ मिलेगा।
यह भवन आदर्श चम्पावत मॉडल के तहत एकीकृत सेवाओं का केंद्र होगा, जहाँ राजस्व, विकास, सामाजिक कल्याण, जन शिकायत निस्तारण और अन्य विभागों की सुविधाएँ एक ही परिसर में मिलेंगी। इससे लोगों का समय, पैसा और मेहनत तीनों बचेंगे, साथ ही शासन–प्रशासन से उनकी सहभागिता भी और बेहतर होगी।
शारदा कॉरिडोर परियोजना के संचालन, समन्वय और निगरानी में भी यह मिनी विकास भवन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पर्यटन, धार्मिक आवागमन, स्थानीय व्यापार और सीमांत क्षेत्रों के विकास को इससे नई गति मिलेगी।
टनकपुर को आदर्श चम्पावत के सशक्त अवयव के रूप में विकसित करने की दिशा में यह निर्णय बेहद अहम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र को नई प्रशासनिक पहचान मिलेगी, विकास कार्य तेज होंगे, युवाओं के लिए अवसर बढ़ेंगे और नागरिकों को सुगम, समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएँ आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।









