शेर सिंह कार्की मेमोरियल खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
पिथौरागढ़, 5 दिसंबर।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ जनपद के मुवानी में आयोजित शेर सिंह कार्की मेमोरियल खेल प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों से आई टीमें भाग ले रही हैं, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड के हर गांव से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के चैंपियन तैयार हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक खेल सुविधाएँ पहुंचाई जा रही हैं, ताकि खेल प्रतिभाओं को निखरने का समान अवसर मिल सके।
खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं, जिनसे खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित होगा और युवा खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि एथलेटिक्स में अधिकांश सफल खिलाड़ी ग्रामीण क्षेत्रों से निकलते हैं और यह प्रतियोगिता ऐसे खिलाड़ियों को मंच देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने बताया कि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भारत को प्राप्त हुई है और सरकार का प्रयास रहेगा कि इस आयोजन में देवभूमि उत्तराखंड की भी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित हो।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विद्यालय प्रबंधक रणजीत सिंह, सुरेश सुयाल, धीरज सिंह बिष्ट, पूर्ण चंद्र जोशी, मुकुल कांडपाल, उप जिलाधिकारी खुशबू, कुंदन सिंह पुजारा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने निर्माणाधीन खेल मैदान का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि खेल मैदान को उच्च गुणवत्ता के साथ निश्चित समय सीमा में तैयार किया जाए। मंत्री ने कहा कि मैदान का निर्माण वर्ष के अंत तक पूरा हो जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में यह खेल मैदान महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।










