चेन्नई की विशेषज्ञ फर्म ‘इंडियन क्लॉक्स’ ने की मरम्मत — नई GPS प्रणाली, लाउडस्पीकर व बैल वायर बदले गए
देहरादून, 08 नवम्बर 2025 ।देहरादून की पहचान और ऐतिहासिक गौरव “घंटाघर” एक बार फिर अपनी लय में लौट आया है। शहर की घड़ियों में सबसे प्रतिष्ठित यह घंटाघर, जो लंबे समय से बार-बार खराब हो रही घड़ी और गलत समय बताने की समस्या से जूझ रहा था, अब जिला प्रशासन की पहल से फिर से सही समय बताने लगा है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने घंटाघर की घड़ी की मरम्मत के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करते हुए उसके “विशेषज्ञ उपचार” का बीड़ा उठाया। इस कार्य के लिए चेन्नई की विशेषज्ञ फर्म “इंडियन क्लॉक्स” को चुना गया, जिसने तकनीकी जांच के बाद घड़ी की सभी खराबियों को ठीक किया।
कंपनी के इंजीनियरों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि घड़ी की वायरिंग, GPS प्रणाली, लाउडस्पीकर और बैल सिस्टम सभी में खराबी आ गई थी। विशेषज्ञों ने सभी पुर्जे बदलकर नई तकनीक से युक्त GPS प्रणाली, वायर और लाउडस्पीकर लगाए, जिससे अब घंटाघर की घड़ी फिर से सटीक समय बताने लगी है।
जिला प्रशासन की इस पहल से देहरादूनवासियों में खुशी की लहर है। शहर के लोग एक बार फिर घंटाघर की धड़कन को सुन पा रहे हैं, जो देहरादून की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक मानी जाती है।
इससे पूर्व जिला प्रशासन द्वारा घंटाघर का सौंदर्यीकरण कार्य भी कराया गया था, जिसे माननीय मुख्यमंत्री द्वारा विधिवत रूप से जनसमर्पित किया गया था। अब तकनीकी रूप से भी घंटाघर को नई जीवनधारा मिलने से यह ऐतिहासिक धरोहर और भी आकर्षक बन गई ।








