वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे — जनपद में गूंजा देशभक्ति का स्वर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारी, कार्मिक और छात्राओं ने मिलकर किया सामूहिक गायन

 

देहरादून 6 नवंबर । राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को पूरे जनपद में देशभक्ति का माहौल छा गया। सरकारी, गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों में सुबह 10 बजे एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया।

 

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह की मौजूदगी में अधिकारियों, कर्मचारियों और श्री गोर्वधन सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक राष्ट्रगीत गाया। इस दौरान परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

 

एसडीएम अपूर्वा सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र के सम्मान और एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा वर्ष 1875 में रचित यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन के समय देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे होने पर जनपद के हर कार्यालय और शिक्षण संस्थान में सामूहिक गायन कर देशभक्ति की भावना को पुनर्जीवित किया जा रहा है।

 

कार्यक्रम के अंत में ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ आयोजन संपन्न हुआ। इस मौके पर कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें