स्वच्छ भारत अभियान को मिलेगा बल, ओएनजीसी ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
पौड़ी 25 अक्टूबर
।सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में अग्रणी भूमिका निभा रही ओएनजीसी ने शनिवार को नगर पालिका पौड़ी को स्वच्छता एवं जनसेवा से जुड़ी सामग्री प्रदान की। सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व) के तहत आयोजित कार्यक्रम में ओएनजीसी ने पालिका को दो वाटर टैंकर, पांच फॉगिंग मशीनें, 40 कूड़ा उठाने की हाथ ठेले, पांच कंप्यूटर, 200 रिफ्लेक्टिंग जैकेट, 100 ग्रास कटर तलवारें और 200 सफाई कर्मियों के लिए मेडिकल किट प्रदान कीं।
नगर पालिका प्रेक्षागृह में आयोजित सादे समारोह में यह सामग्री ओएनजीसी के प्रधान मानव संसाधन सेवाएं नीरज कुमार शर्मा और इंचार्ज सीएसआर चंदन सुशील साजन ने पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी को सौंपी।
इस अवसर नीरज कुमार शर्मा ने कहा कि ओएनजीसी उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक विकास के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को सशक्त बनाने में ओएनजीसी सक्रिय योगदान दे रही है।
सीएसआर इंचार्ज चंदन सुशील साजन ने बताया कि यह सभी सामग्री शिवालिक एजुकेशनल सोशल वैलफेयर एंड ह्यूमन रिसोर्स सोसायटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है।
नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने ओएनजीसी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था का यह सहयोग नगर के स्वच्छता प्रयासों को और मजबूती देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ओएनजीसी नगर पालिका पौड़ी के साथ इसी प्रकार सहयोग बनाए रखेगी।
इस अवसर पर ओएनजीसी के वरिष्ठ अधिकारी एल. मोहन लखेडा, संस्था अध्यक्ष उत्तम रावत, कुलदीप चौहान, विनोद गुसांई, केशन सिंह नेगी, पूर्व पार्षद विक्रम सिंह ‘गामा’ सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।









