मुख्यमंत्री धामी ने नवनियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


कहा — “सरकारी सेवा को जनसेवा का माध्यम बनाएं”, पारदर्शिता हमारी पहचान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में राजस्व परिषद में नव-चयनित सहायक समीक्षा अधिकारी एवं समीक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर उन्होंने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को दीपावली से पूर्व मिली इस सफलता पर शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह अवसर उनके परिवारों के लिए भी गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में 26,500 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को अभियान की तरह जारी रखना है।

सीएम ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता उनकी सरकार की पहचान और प्रतिबद्धता है। हरिद्वार परीक्षा प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिकायत सामने आते ही त्वरित कार्रवाई की गई, आरोपी को गिरफ्तार किया गया और एसआईटी जांच गठित की गई। छात्रों की भावनाओं का सम्मान करते हुए परीक्षा को निरस्त कर सीबीआई जांच की संस्तुति भी की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक हुई सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई गई हैं। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि वे सरकारी सेवा को जनसेवा का माध्यम बनाएं और अपने कार्य में निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में सरलीकरण और गति लाना आवश्यक है ताकि जनता को त्वरित और सरल सेवाएं मिल सकें।

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, सचिव एस.एन. पांडे, अपर सचिव रंजना राजगुरु, राजस्व परिषद के अधिकारीगण और सभी नव-नियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारी एवं समीक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें